हरिद्वार में संतों का चोला ओढ़े 43 ढोंगी बाबाओं पर सख्त एक्शन, गिरफ्तार कर खंगाली जा रही कुंडली

धार्मिक आस्था की आड़ में लोगों को ठगने वाले ढोंगी बाबाओं और बहरूपियों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का अभियान लगातार जारी है. एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन कालनेमि के तहत नगर कोतवाली पुलिस ने पिछले दो दिनों में 43 ढोंगियों को गिरफ्तार किया है. हरकी पैड़ी, सर्वानंद घाट, रोडीबेलवाला और आसपास के घाटों पर अभियान चलाकर इन सभी संदिग्ध लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है.

दरअसल, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरे उत्तराखंड में ऑपरेशन कालनेमि चलाया गया है. इसके तहत लोगों को तंत्र मंत्र, जादू टोना और फर्जी बाबा, फकीर का वेश धारण करने वाले लोगों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जा रही है. हरिद्वार जिले में चल रहे इस अभियान में सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. इसी क्रम में नगर कोतवाली पुलिस की अलग अलग टीमों ने गंगा घाट क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया. बीती दिन चलाए गए अभियान में सर्वानंद घाट, हरकी पैड़ी और आसपास के क्षेत्रों से धर्म की आड़ में धोखाधड़ी करने, बिना पहचान पत्र के रहने और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए 27 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया.

इसके बाद पुलिस ने हरकी पैड़ी, रोडीबेलवाला और आसपास के घाटों पर अभियान चलाते हुए 16 अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया. गिरफ्तारी के बाद सबको कोतवाली लाया गया. पुलिस ने सभी का फिंगर प्रिंट लेकर उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस ने सबके खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश कर दिया और सख्त हिदायत भी दी. नगर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि धार्मिक वेशभूषा में रहकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को गुमराह करने और उन्हें ठगने वाले लोगों को ऑपरेशन कालनेमि के तहत गिरफ्तार किया जा रहा है. इन सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. आगे भी यह अभियान जारी रहेगा.

ऑपरेशन कालनेमि पूरे हरिद्वार जनपद में जारी है. पूर्व में कई ऐसे बहुरूपियों को भी पकड़ा गया है, जो आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त थे. हरिद्वार की श्यामपुर थाना पुलिस ने करीब तीन महीने पहले श्यामपुर थाना पुलिस ने ऐसे ही एक फर्जी संत को गिरफ्तार किया था. आरोपी दीपक सैनी फर्जी संत बनकर लोगों को ठगने का काम कर रहा था और उसने एक युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात को भी अंजाम दिया था. ऑपरेशन कालनेमि के तहत उसे गिरफ्तार किया गया और दुष्कर्म के मुकदमे में जेल भेजा गया था. वहीं एसएसपी के अनुसार ऑपरेशन कालनेमि के तहत घाटों और धार्मिक स्थलों पर ऐसे ढोंगी बाबाओं और बहरूपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *