देहरादून में दीपावली पर ट्रैफिक का नया प्लान लागू, पलटन बाजार रहेगा जीरो जोन

दीपावली के त्योहार को देखते हुए देहरादून पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान और एडवाइजरी जारी की है। त्योहारी सीजन में बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ और वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इसके साथ ही पलटन बाजार समेत प्रमुख बाजारों में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की है।

पुलिस के प्लान के अनुसार सहस्त्रधारा, रायपुर, राजपुर रोड और डालनवाला क्षेत्र से आने वाले चौपहिया वाहन काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज, मल्टी स्टोरेज पार्किंग कनक चौक और एमडीडीए कॉम्प्लेक्स घंटाघर में पार्क किए जा सकेंगे। चकराता रोड, जीएमएस रोड और गढ़ी कैंट की ओर से आने वाले वाहनों के लिए जनपथ कॉम्प्लेक्स बिंदाल और रेंजर्स ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

वहीं ईसी रोड, रिस्पना पुल, धर्मपुर, जोगीवाला, नेहरू कॉलोनी और छह नंबर पुलिया की ओर से आने वाले वाहनों को रेंजर्स ग्राउंड, दरबार साहिब और राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तहसील चौक में पार्क किया जा सकेगा। सहारनपुर चौक, कांवली रोड, पटेलनगर और पथरीबाग की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पुराना बस अड्डा, पुलिस कार्यालय के पास और नगर निगम कार्यालय परिसर में पार्किंग निर्धारित की गई है।

पलटन बाजार जाने वाले दोपहिया वाहनों के लिए भी व्यवस्था

  • पलटन बाजार में दोपहिया वाहनों से आने वाले लोगों के लिए गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इन दोनों स्थानों पर दोपहर तीन बजे से पार्किंग सुविधा उपलब्ध रहेगी।
  • इसके अलावा धर्मपुर बाजार आने वाले लोग रेसकोर्स क्षेत्र में, नेहरू कॉलोनी के लोग जीएसटी कार्यालय के दोनों ओर लिंक रोड पर और रिस्पना क्षेत्र के लोग राजीव नगर में वाहन पार्क कर सकेंगे।
  • प्रेमनगर बाजार के लिए दशहरा ग्राउंड और रायपुर शिव मंदिर बाजार के लिए मालदेवता रोड पर पार्किंग निर्धारित की गई है।

पलटन बाजार में सुबह 10 से रात 9 बजे तक लोडिंग वाहनों की नो-एंट्री

  • यातायात पुलिस के अनुसार पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपलमंडी क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन क्षेत्रों को जरूरत के अनुसार जीरो जोन बनाया जाएगा, जहां केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश मिलेगा।
  • दर्शनी गेट, तिलक रोड, भंडारी चौक, अंसारी मार्ग, तहसील चौक और डिस्पेंसरी रोड से लोडिंग वाहनों का पलटन बाजार में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक कोई भी लोडिंग वाहन बाजार में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
  • व्यापारियों को सुबह 10 बजे से पहले लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य पूरा करना होगा। लोडिंग वाहनों के लिए राजा रोड से पीपल मंडी होते हुए दर्शनी गेट तक वन-वे व्यवस्था रहेगी। बाजार के व्यापारियों के वाहनों को टोकन के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा।

विक्रम, ऑटो और सिटी बसों के रूट में बदलाव

  • त्योहारी सीजन में सार्वजनिक परिवहन के लिए भी नए पिकअप और ड्रॉप प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। राजपुर रोड से ओरिएंट चौक आने वाले रूट नंबर एक के विक्रम ग्लोब चौक से पैसिफिक तिराहा, सुभाष रोड और बेनी बाजार होते हुए वापस राजपुर की ओर जाएंगे।
  • रायपुर रोड से दर्शनलाल चौक आने वाले रूट नंबर दो के विक्रम सर्वे चौक से वापस रायपुर की ओर भेजे जाएंगे। रिस्पना की ओर से आने वाले रूट नंबर तीन के विक्रम रिची-रिच तिराहा, आईजी कट, दून चौक और एमकेपी चौक होते हुए वापस रिस्पना की ओर जाएंगे।
  • राजपुर रोड जाने वाली सिटी बसों का नया पिकअप और ड्रॉप प्वाइंट परेड ग्राउंड के बजाय ओरिएंट चौक रहेगा। वहीं डोईवाला और सहस्त्रधारा जाने वाली सिटी बसों के लिए रेंजर्स ग्राउंड को नया पिकअप और ड्रॉप प्वाइंट बनाया गया है।

जाम बढ़ने पर इन मार्गों से होगा ट्रैफिक डायवर्ट

  • यातायात का दबाव बढ़ने पर पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से यातायात डायवर्ट करने की व्यवस्था भी बनाई है। सर्वे चौक पर दबाव बढ़ने पर रायपुर से आने वाले वाहनों को कर्जन रोड तिराहा से म्यूनिसिपल रोड की ओर भेजा जाएगा।
  • घंटाघर पर जाम की स्थिति बनने पर राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक से कनक चौक की ओर और दर्शनलाल चौक से घंटाघर की ओर आने वाले वाहनों को लैंसडाउन चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
  • धर्मपुर चौक पर दबाव बढ़ने पर माता मंदिर रोड से आने वाले वाहनों को रेसकोर्स की ओर और नेहरू कॉलोनी तिराहे से धर्मपुर जाने वाले वाहनों को फव्वारा चौक की ओर भेजा जाएगा।
  • परेड ग्राउंड में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक कार्यक्रम के चलते ईसी रोड, परेड ग्राउंड और सुभाष रोड पर भी यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।

यातायात संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है। इसमें 100 अतिरिक्त आरक्षी, 100 प्रशिक्षु आरक्षी और 10 मोबाइल टीमें शामिल हैं। इसके अलावा यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी भी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे।

देहरादून यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि खरीदारी के लिए घर से निकलने से पहले पार्किंग व्यवस्था की जानकारी जरूर लें। अपने नजदीकी बाजारों में खरीदारी को प्राथमिकता दें और निजी वाहनों का इस्तेमाल जरूरत पड़ने पर ही करें। अधिक से अधिक दोपहिया वाहनों और सार्वजनिक परिवहन जैसे विक्रम, ऑटो और सिटी बसों का प्रयोग करें। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों को भी बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खुली रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, अनावश्यक हॉर्न न बजाने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *