उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली दौरे पर हैं. बीती रोज उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी. अपने दौरे के दूसरे दिन उन्होंने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से मुलाकात की है. इस दौरान कई मुद्दों को लेकर बातचीत की. इसके अलावा सीएम धामी अन्य मंत्रियों से भी मुलाकात कर सकते हैं.
बता दें कि बीती रोज यानी 14 जुलाई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी. इस दौरान उनके बीच नंदा देवी राजजात यात्रा के साथ हरिद्वार में लगने वाले अर्ध कुंभ मेले को लेकर चर्चा हुई. सीएम धामी ने इसको लेकर बजट मांगा तो पीएम को उत्तराखंड आने का न्योता भी दिया. मुलाकात के दौरान सीएम धामी ने उत्तराखंड के कई उत्पाद पीएम मोदी को दिए.
वहीं, आज यानी 15 जुलाई को मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री चंद्रकांत रघुनाथ पाटिल और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की है. केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से उनकी मुलाकात उत्तराखंड में नई विद्युत परियोजनाओं को लेकर हुई. मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, सीएम धामी ने उत्तराखंड की 21 जल विद्युत परियोजनाओं में 5 विद्युत परियोजना के जल्द शुरुआत करने को लेकर केंद्र से मदद मांगी है. जिस पर मंत्री पाटिल ने भी उत्तराखंड की इस मांग को जल्द से जल्द पूरा करने की बात कही है.