उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में मंगलवार शाम हुई भीषण सड़क दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई. 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. ये हादसा तब हुआ जब एक मैक्स जीप थल-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग में मुवानी के पास सूनी पुल से अनियंत्रित होकर 100 फीट नीचे नदी में जा गिरी. पीएम मोदी ने पिथौरागढ़ सड़क हादसे पर दुख जताया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पिथौरागढ़ हादसे पर दुख जताने और अनुग्रह राशि की घोषणा करने पर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी इसकी जानकारी दी है.
पिथौरागढ़ सड़क दुर्घटना पर आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी द्वारा व्यक्त की गई संवेदना एवं प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रदान की गई आर्थिक सहायता से शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में संबल मिलेगा।
प्रदेश सरकार द्वारा भी मृतकों के परिजनों को ₹2-2 लाख एवं घायलों को ₹50,000 की सहायता दी जाएगी। हमारी सरकार मृतकों के परिजनों के साथ मजबूती से खड़ी है और घायलों को हर संभव सहायता प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है।
नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय सीट के सांसद अजय भट्ट ने पिथौरागढ़ हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा- उत्तराखंड के जनपद पिथौरागढ़ के मुवानी क्षेत्र में वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
पिथौरागढ़ जिले में मंगलवार शाम 14 सवारियों को लेकर एक मैक्स जीप मुवानी से बोकटा के लिए चली थी. मुवानी से करीब एक किमी आगे भंडारीगांव पुल पर अचानक जीप बेकाबू होकर पहाड़ी नदी में जा गिरी. पुल से नदी की गहराई 150 फीट के करीब थी. हादसे में 6 यात्रियों की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई. 8 यात्री घायल अवस्था में मुवानी हॉस्पिटल ले जाए गए. वहीं दो और लोगों ने दम तोड़ दिया. इनमें 8 साल की सिमरन और 40 साल का चालक नरेंद्र शामिल हैं. 6 गंभीर घायलों को पिथौरागढ़ जिला अस्पताल भेजा गया.