औली नेशनल विंटर गेम्स, उत्तराखंड के 35 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, 13 फरवरी को सीएम भी पहुंचेंगे

उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल औली के बर्फीले ढलान एक बार फिर रोमांच के लिए तैयार है. आगामी 13 फरवरी से यहां ‘नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप’ और ‘विंटर कार्निवल’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है. गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN), पर्यटन विभाग और विंटर गेम संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं .आयोजन को गरिमा प्रदान करने के लिए 13 फरवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों का औली दौरा प्रस्तावित है.

इस चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के लिए जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा और भारतीय सेना सहित कुल 17 टीमों को आमंत्रित किया गया है. विशेष रूप से ITBP की टीम भी इस प्रतियोगिता में पूरे दमखम के साथ उतर रही है. जिसके लगभग 30 खिलाड़ी पदक जीतने के लक्ष्य से औली पहुंच रहे हैं.

12 फरवरी तक सभी राज्यों की टीमें औली में रिपोर्ट कर देंगी. जिसके बाद 13 फरवरी की सुबह 7 बजे से नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप’ खेलों का विधिवत शुभारंभ होगा.

​इस वर्ष कम बर्फबारी को देखते हुए विंटर गेम संगठन ने रणनीतिक बदलाव किए हैं. मुख्य आयोजन को आठ नंबर टावर के ऊपरी हिस्से में शिफ्ट किया गया है. यहां के रेस स्लोप को अंतरराष्ट्रीय संस्था ‘फिस’ (FIS) द्वारा मान्यता प्राप्त है. हालांकि, बर्फ की कमी के कारण कोर्स को थोड़ा छोटा रखा गया है. जिसमें ​स्लालोम (Slalom): 25 से अधिक गेट्स लगाए गए हैं. ​जायंट स्लालोम: 15-20 गेट्स के साथ तकनीकी चुनौतियां तैयार की गई हैं.

इस वर्ष अल्पाइन स्कीइंग, स्नोबोर्ड, स्की माउंटेनियरिंग, स्नोशू और औली मैराथन आकर्षण का केंद्र रहेंगे. लगभग 3-4 साल के लंबे अंतराल के बाद हो रहे इस नेशनल आयोजन को लेकर एथलीट्स में जबरदस्त जोश है. ‘खेलो इंडिया’ के गोल्ड मेडलिस्ट सिद्धार्थ गाडेकर जैसे दिग्गज खिलाड़ी औली के अंतरराष्ट्रीय स्तर के ढलानों (ग्रेडिएंट) की सराहना कर रहे हैं.

स्थानीय प्रशासन और सरकार को उम्मीद है कि यह आयोजन न केवल विंटर स्पोर्ट्स को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा, बल्कि उत्तराखंड के पर्यटन को भी वैश्विक मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करेगा. उत्तराखंड स्कीइंग टीम कोच विकेश डिमरी ने कहा कि 35 खिलाड़ी प्रतियोगिता मे शामिल हो रहे हैं. राज्यों के 300 से अधिक खिलाड़ी और मैनेजर कोच औली पहुंच रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *