उत्तराखंड में मौसम विभाग की भविष्यवाणी सच साबित हुई है. प्रदेश के कई जिलों में सुबह से झमाझम बारिश हो रही है.उत्तराखंड में देहरादून मौसम विभाग के अलर्ट के बाद आज कुमाऊं के नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत जिले में डीएम ने आंगनबाड़ी से इंटर तक के स्कूल बंद करने के आदेश दिए हैं. देहरादून डीएम ने भी भारी बारिश को देखते हुए आज आंगनबाड़ी से इंटर तक के स्कूल बंद रखने के आदेश दिए. मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने ये फैसला लिया है.
उधम सिंह नगर में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की परेशानियों का बढ़ा दिया है. रुद्रपुर से SDRF रेस्क्यू टीम को इंदिरा कॉलोनी, उपजिलाधिकारी कार्यालय, बाजपुर क्षेत्र में जलभराव की सूचना मिली. जिसके बाद टीम तत्काल मौके पर पहुंची. सुरक्षा की दृष्टि से SDRF टीम जलभराव प्रभावित क्षेत्र में सतर्कता के साथ मौजूद है. संभावित जोखिमों को देखते हुए निगरानी की जा रही है. साथ ही, प्रशासनिक टीम भी स्थल पर रहकर आवश्यक समन्वय एवं कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है. जिससे क्षेत्र में जनजीवन सामान्य बनाया जा सके.
हरिद्वार में बीते देर रात से लगातार हो रही बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव देखने को मिल रहा है. हरिद्वार का दिल कहे जाने वाले रानीपुर मोड़ पर सुबह से ही पानी भरा हुआ है. जिसके चलते कई लोगों को ऑफिस जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा. मार्ग पर जलभराव से कार और बाइकें डूब गई और कई देर तक मार्ग पर फंसे रहे. चंद्राचार्य चौक, भगत सिंह चौक, कनखल के कई क्षेत्र, देश रक्षक तिराहा और मोती बाजार में रोड पर हर जगह पानी ही पानी नजर आ रहा है. हरिद्वार के जिला अधिकारी मयूर दीक्षित ने लगातार हो रही बारिश के चलते सभी अधिकारियों को जलभराव से संबंधित समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही उनके द्वारा लगातार सभी क्षेत्रों की मॉनीटरिंग भी की जा रही है.