देहरादून में रात 10 बजे के बाद नहीं निकल सकेंगे घर से बाहर, पुलिस का नया फरमान

देहरादून शहर की सड़कों में रात 10 बजे के बाद बेवजह घूमने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करने के मूड में है। शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और देर रात युवाओं के हुड़दंग को देखते हुए देहरादून पुलिस ने छात्र बाहुल्य इलाकों में मिडनाइट ऑपरेशन शुरू किया है

देहरादून पुलिस की इस कार्रवाई के बाद हॉस्टल और पीजी संचालकों के साथ-साथ देर रात बेवजह सड़कों पर घूमने वाले युवाओं में भी हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रात के समय अनावश्यक रूप से घूमने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, हाल ही में देहरादून में SGRR यूनिवर्सिटी के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच फायरिंग की घटना सामने आई थी। घटना के बाद शहर की कानून-व्यवस्था और छात्र क्षेत्रों में पुलिस निगरानी को लेकर सवाल उठे। पुलिस की जांच में देर रात सड़कों पर घूमने, नशे और हुड़दंग जैसी गतिविधियों को लेकर भी जानकारी सामने आई।

फायरिंग की घटना के बाद देहरादून पुलिस ने अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय अपराध की आशंका वाले क्षेत्रों में पहले से निगरानी बढ़ाने का फैसला लिया। इसी क्रम में छात्र बाहुल्य इलाकों में मिडनाइट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

मिडनाइट ऑपरेशन के तहत एसपी सिटी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने प्रेमनगर क्षेत्र के छात्र बाहुल्य इलाकों में हॉस्टल और पीजी की जांच की। पुलिस टीमों ने कई हॉस्टलों में जाकर कमरों और परिसर की स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान चार हॉस्टलों में नियमों के उल्लंघन की स्थिति सामने आने की बात कही गई है।

पुलिस के मुताबिक, कुछ हॉस्टलों में एंट्री रजिस्टर की व्यवस्था नहीं थी और सुरक्षा से जुड़े जरूरी इंतजाम भी पर्याप्त नहीं पाए गए। इसी अभियान के दौरान देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे चार युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया।

पुलिस ने हॉस्टल और पीजी संचालकों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत बाहरी लोगों की एंट्री पर नजर रखने, आने-जाने वालों का रिकॉर्ड रखने और परिसर में सीसीटीवी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। पुलिस की ओर से यह भी कहा गया है कि हॉस्टल और पीजी संचालक अपने यहां रहने वाले छात्रों की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लापरवाही न बरतें। किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश से पहले जरूरी सत्यापन की प्रक्रिया का पालन किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *