देहरादून में लॉकर से 50 लाख के जेवर गायब करने का आरोप, पत्नी और बैंक मैनेजर समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

राजधानी देहरादून में बैंक लॉकर से करीब 50 लाख रुपए के सोने के आभूषण गायब करने का आरोप लगाते हुए बैंक मैनेजर समेत तीन लोगों के खिलाफ थाना नेहरू में मुकदमा दर्ज कराया गया है. मामला नेहरू कॉलोनी स्थित बैंक की शाखा से जुड़ा है. शिकायतकर्ता की तहरीर पर पुलिस ने बैंक मैनेजर, पत्नी और एक अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है.

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी बैंक कर्मचारी है. पत्नी एक फरवरी 2026 को 12 साल के बेटे को लेकर घर छोड़कर चली गई थी. इसके बाद शिकायकर्ता ने जमीन खरीदने के लिए बैंक से अपनी एफडी तुड़वाई और 18 मार्च को अन्य बैंक के खाते में रकम जमा कर दी.

पीड़ित का आरोप है कि नेहरू कॉलोनी शाखा के बैंक प्रबंधक ने दूसरे बैंक के प्रबंधक से संपर्क किया. इसके बाद फर्जी दस्तावेजों से पीड़ित की पत्नी ने अपने और बेटे के आभूषण ज्वाइंट बैंक लॉकर से निकलवाए. इस दौरान लॉकर में रखे उनके आभूषण भी गायब हो गए.

पीड़ित के अनुसार, लॉकर से निकाले गए आभूषणों में सोने के गहने शामिल थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई गई है. आरोप है कि लॉकर खोलने के दौरान बैंक मैनेजर भी मौके पर मौजूद थे. शिकायतकर्ता ने लॉकर संचालन से संबंधित रिकॉर्ड और दस्तावेजों में भी गड़बड़ी किए जाने का आरोप लगाया है.

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि बैंक लॉकर के संचालन से जुड़े दस्तावेजों में शिकायतकर्ता की जानकारी और सहमति के बिना बदलाव किए गए. लॉकर संचालन के नियमों में बदलाव कर उसे ‘Anyone or Survivor’ श्रेणी में किए जाने का भी आरोप लगाया गया है. शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी बाद में आरटीआई के माध्यम से प्राप्त दस्तावेजों से हुई.

साथ ही शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि, बैंक के कुछ दस्तावेजों में उनके हस्ताक्षरों के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई. मामले में बैंक अधिकारियों से जानकारी मांगने पर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *