उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर हो कार्रवाई, उच्च स्तरीय बैठक में CM ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में उच्च स्तरीय बैठक कर राज्य की कानून-व्यवस्था, सड़कों की स्थिति, सेवा पखवाड़ा और अन्य जनहित से जुड़े विषयों की समीक्षा की। इस दौरान सीएम ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीएम धामी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। सभी संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही राज्य की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। सीएम ने कहा पुलिस द्वारा रात को की जा रही गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मानसून के बाद सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। बरसात के बाद सड़कों के सुधारीकरण और गड्ढा मुक्त कराने के लिए निविदा प्रक्रिया अभी पूरी कर ली जाए।

सीएम ने कहा कि पीएम मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से लेकर 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक प्रदेशभर में सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा।इस अवसर पर सभी जिलों में सेवा, जनजागरूकता और जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर जिले के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उसे समयबद्ध रूप से लागू किया जाए।

सीएम धामी ने कहा कि वे खुद सड़क मार्ग से विभिन्न जिलों का भ्रमण करेंगे और विभिन्न व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष जायजा लेंगे। सीएम ने रेत मिश्रित नमक से संबंधित शिकायत को भी गंभीरता से लिया और तत्काल नमूना लेकर जांच करने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *