उत्तराखंड पंचायत चुनाव परिणाम के बाद ढोल नगाड़ों पर थिरके भाजपाई, जीत का किया दावा

उत्तराखंड में पंचायत चुनाव के परिणाम आने के बाद बीजेपी और कांग्रेस दोनों राजनीतिक दल अपनी अपनी जीत के दावे कर रहे हैं. देहरादून बीजेपी मुख्यालय पर तो भाजपाई भव्य जश्न मना रहे हैं. यह जश्न चुनाव परिणामों को लेकर मनाया जा रहा है. भाजपाइयों का कहना है कि पंचायत चुनाव में बीजेपी को जनता ने जम के अपना आशीर्वाद दिया है.

बीजेपी प्रदेश कार्यालय पर आज ढोल नगाड़ों के साथ बीजेपी कार्यकर्ता थिरकते नजर आए. बीजेपी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया. मिठाई बांटी गई और दावा किया गया कि बीजेपी ने पंचायत चुनाव में ऐतिहासिक जीत प्रदेश स्तर पर हासिल की है. बीजेपी मुख्यालय पर माहौल देखने लायक था. बीजेपी के वरिष्ठ नेता अनिल गोयल ने बताया कि बीजेपी लगातार एक के बाद एक चुनाव में आगे बढ़ती जा रही है और इन पंचायत चुनाव में भी बीजेपी को जनता का अपार समर्थन देखने को मिला है.

उन्होंने कहा कि जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत में ज्यादातर प्रत्याशी बीजेपी समर्थित जीतकर आए हैं, जो लगातार बीजेपी को मजबूत करने का काम कर रहे हैं. वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस के जीत के दावे पर भी अनिल गोयल का कहना है कि कांग्रेस विपक्ष में है और अपनी करतूत के चलते हमेशा विपक्ष में ही मौजूद रहेगी. उन्हें बीजेपी की जीत हजम नहीं हो रही है.

पंचायत चुनाव के परिणाम आने के बाद अब विकासखंड और जिला पंचायत में बोर्ड बनने हैं. जिसके लिए ब्लॉक प्रमुख और सभी जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होना है. इसको लेकर बीजेपी ने अपनी रणनीति बनाई है और अब बोर्ड के गठन को लेकर बीजेपी आगे काम कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *