धराली में आई आपदा का आज तीसरा दिन है. युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान जारी है, लेकिन धराली और हर्षिल गए लोगों से किसी प्रकार का संपर्क न होने के कारण परिजन दर-दर भटक रहे हैं. उनकी आंखें अपनों को तलाश रही है. आज परिजन सीएम धामी से मुलाकात कर अपनों की सकुशल तलाश की गुहार लगाते नजर आए. लापता परिजनों की खोज की आस में वो अपने आंसू नहीं रोक पाए.
धराली और छोलमी गांव के ग्रामीण अपने लोगों की सूचना की आस में आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम और जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे हैं. जहां आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी में आपदा ग्रस्त धराली से रेस्क्यू कर लाए गए लोगों से मुलाकात की. साथ ही उनकी कुशलक्षेम जाना. जिला अस्पताल पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी से भी धराली के ग्रामीणों ने गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान की अगुवाई में मुलाकात कर जल्द ही उनके परिजनों की खोज की मांग की.
इस दौरान महिलाएं अपने आंसू नहीं रोक पाईं और वो फूट-फूट कर रो पड़ीं. ग्रामीणों ने कहा कि इस हादसे में एक परिवार भी लापता है. उन्होंने सीएम धामी अपनों की सकुशल वापसी की गुहार लगाई. इस पर सीएम धामी ने उन्हें ढांढस बंधाकर जल्द ही परिजनों की जानकारी का आश्वासन दिया.गौर हो कि बीती 5 अगस्त को धराली में खीर गंगा गाड़ में जल सैलाब आ गया था. जिसकी चपेट में मकान, होटल, होमस्टे, सेब की बगीचे आ गए. चंद मिनटों में ही सारा नक्शा ही बदल गया. अब चारों ओर मलबा और गाद नजर आ रहा है. जहां मलबे में लापता लोगों की तलाश की जा रही है तो फंसे हुए लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा है.