उत्तराखंड में चुनाव चिन्ह आवंटन प्रक्रिया पर फिलहाल रोक, कांग्रेस करेगी राज्यपाल से मुलाकात

उत्तराखंड में होने जा रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर लगातार नए अपडेट सामने आ रहे हैं. इसी कड़ी में उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव के लिए चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया सोमवार 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया है. जिस पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया सामने आई है. कांग्रेस ने राज्य निर्वाचन आयोग पर ही सवाल उठाए हैं.

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को मजाक बनाकर रख दिया है. कांग्रेस का कहना है कि पंचायत चुनाव में पूरी चुनाव प्रक्रिया को सत्ता में बैठी बीजेपी ने अनुकूल बनाने के लिए सारे नियम और कायदों की धज्जियां उड़ाकर रख दी है.

सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि कांग्रेस ने बीती 23 जून को बकायदा राज्य निर्वाचन आयुक्त से मुलाकात की थी और उनको सौंपे मांग पत्र पर साफ तौर पर ये आशंका जताई थी कि बीजेपी ने ऐसे लोगों को चुनावों मे विभिन्न पदों पर उतारने की तैयारी की है, जिनके नाम निकाय चुनाव और अब पंचायत चुनावों की वोटर लिस्ट में भी हैं.

ऐसे कई लोग हैं, जिनके दो-दो जिलों में भी नाम दर्ज हैं. ऐसे लोगों को चुनाव में पंचायती राज अधिनियम के तहत अयोग्य करने के आदेश पीठासीन अधिकारी की ओर से दिए जाएं, लेकिन राज्य निर्वाचन आयोग ने ठीक इसके उलट यह आदेश जारी कर दिया कि ऐसे प्रत्याशियों के नामांकन इस आधार पर रद्द ना किए जाएं, जिनके दो-दो जगह नाम दर्ज हों.

इन्हीं आदेशों के खिलाफ हाईकोर्ट ने स्टे दिया, जिसके चलते यह स्थिति बनी. धस्माना ने कहा कि मामले को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात करेगा और राज्य निर्वाचन आयुक्त को तत्काल उनके पद से बर्खास्त करने की मांग उठाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *